Tuesday, October 20th, 2026

बंगाल चुनाव: BJP ने झोंकी पूरी ताकत, तीसरी लिस्‍ट में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो समेत 4 सांसदों का नाम शामिल

कोलकाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को 63 उम्‍मीदवारों की तीसरी लिस्‍ट जारी कर दी है। बंगाल की सत्‍ता को लेकर बीजेपी इस कदर गंभीर है कि उसने अपने सांसदों को भी विधानसभा चुनाव में उतार दिया है। उम्‍मीदवारों के नाम का ऐलान करते हुए पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो टॉलीगंज सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। सुप्रियो के अलावा कुछ 3 अन्‍‍‍य सांसदों को भी इस चुनावी जंग में उतारा गया है। बंगाली अभिनेत्री व हुगली से सांसद लॉकेट चटर्जी को पार्टी ने उनके ही संसदीय क्षेत्र की चुंचुड़ा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। कूचबिहार से पार्टी के सांसद निसिथ प्रामाणिक को दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र उनके संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। राज्यसभा सदस्य स्वपन दासगुप्ता को भी पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारा है। वह तारकेश्वर से चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे। जाने माने अर्थशास्त्री अशोक लाहिड़ी को अलीपुरद्वार से जबकि तृणमूल कांग्रेस छोड़कर पिछले दिनों बीजेपी में शामिल हुए पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी को डोम्जुर से उम्मीदवार बनाया गया है।

मशहूर अभिनेत्री पायल सरकार को मिला टिकट
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के लिए 27 उम्मीदवारों और चौथे चरण के लिए 36 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पिछले दिनों बीजेपी का दामन थामने वाली बांग्ला सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री पायल सरकार को बेहाला से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी में शामिल हुई अन्य अभिनेत्रियों पर भी पार्टी ने भरोसा जताया है। तनुश्री चक्रवर्ती श्यामपुर से और अंजना बसु को सोनारपुर दक्षिण से टिकट दिया गया है। कुछ दिन पहले बीजेपी जॉइन करने वाले बंगाली फिल्‍म इंडस्‍ट्री के मशहूर अभिनेता यशदास गुप्‍ता को चंडीतला सीट से प्रत्‍याशी बनाया गया है।

कुल 123 उम्‍मीदवार हो चुके हैं घोषित
इससे पहले बीजेपी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 57 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। इसके बाद पार्टी ने दो अन्य सूची जारी कर तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इस प्रकार बीजेपी अब तक123 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। पार्टी ने एक सीट अपने सहयोगी दल एजेएसयू को दी है। पश्चिम बंगाल में 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में मतदान होना है।

 

#बंगाल चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय